Tuesday, October 20th, 2026

सिलीगुड़ी में बन रहे होटल में फंसा दिए 1.33 करोड़, न होटल बना न पैसा मिला

भिलाई
सिलीगुड़ी (प.बंगाल) में बन रहे एक सितारा होटल में अच्छा मुनाफा मिलने का झांसा देकर रायपुर के प्रमोद तिवारी व मोनेश साहू ने सिलीगुड़ी के राकेश श्रीवास्तव के साथ मिलकर एसके कंस्ट्रकश्न  नेहरू नगर भिलाई के संचालक सईद एजाज, संतोष अग्रवाल तथा ज्ञानेश्वर सिंह को अपने जाल में फंसाकर 1 करोड़ 33 लाख रुपये वसूल लिए। पांच साल बीत जाने के बाद भी इनसे संपर्क नहीं होने के बाद व्यावसायिों ने जामुल थाने में तीनों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने 420 का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रार्थी  के हवाले से पुलिस ने बताया कि पांच साल पूर्व रायपुर निवासी प्रमोद तिवारी व मोनेश साहू की सईद एजाज से मुलाकात हुई थी। उस दौरान उन्होंने बताया था कि सिलीगुड़ी निवासी उनके मित्र राकेश श्रीवास्तव का होटल बन रहा है। होटल में छह करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। डेढ़ करोड़ और लगते ही होटल व्यवसाय शुरू हो जाएगा। प्रमोद व मोनेश ने प्रार्थी सईद एजाज को सिलीगुड़ी ले जाकर राकेश श्रीवास्तव से मुलाकात भी कराई थी। राकेश ने सईद को एक नवनिर्मित होटल दिखाते हुए उसे अपना होटल बताया था। राकेश श्रीवास्तव ने सईद एजाज को होटल व्यवसाय में पार्टनर बनाने का प्रलोभन दिया। सईद झांसे में फंस गया तथा इसके लिए उसने अपने दो अन्य पार्टनर संतोष अग्रवाल व ज्ञानेश्वर सिंह को भी तैयार कर लिया।

27 दिसंबर 2016 से 24 जनवरी 2017 के बीच प्रार्थी सईद एजाज, संतोष अग्रवाल तथा ज्ञानेश्वर सिंह ने अपने फर्म एसके कंटक्शन से आरोपी राकेश श्रीवास्तव की फर्म मां शारदा रेसीडेंसी के एकाउंट में आरटीजीएस के माध्यम से एक करोड़ 33 लाख रुपये ट्रांसफर किए। रकम दिए पांच साल बीत गए। आरोपियों का न तो आज तक होटल व्यवसाय शुरू हुआ और न ही उसके द्वारा रकम लौटाई जा रही है। प्रार्थी की शिकायत पर जामुल पुलिस ने आरोपित राकेश श्रीवास्तव, प्रमोद तिवारी तथा मोनेश साहू के खिलाफ धारा 420 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

#होटल में फंसा

Source : Agency

पाठको की राय